मुजफ्फरपुर के कुढ़नी क्षेत्र के तुर्की सेक्शन में बिजली विभाग ने एक आटा चक्की पर छापेमारी कर मीटर बाइपास के जरिए कथित बिजली चोरी का मामला पकड़ा है। चक्की संचालक संजय कुमार पर करीब पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू की गई है।
विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल (मुजफ्फरपुर पश्चिमी) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को तुर्की सेक्शन स्थित आटा चक्की पर छापेमारी की। जांच में पाया गया कि थ्री फेज कनेक्शन के मीटर को बाइपास करके अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। सहायक विद्युत अभियंता शतपाल के अनुसार, जेई और विभागीय कर्मियों के साथ संयुक्त रूप से कनेक्शन की जांच की गई, जिसमें यह गड़बड़ी सामने आई।
कार्रवाई के तहत टीम ने मौके पर ही चक्की का मीटर हटा दिया और बिजली आपूर्ति बंद कर दी। तुर्की के जेई अनुज कुमार ने बताया कि संबंधित संचालक पर लगभग पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सहायक अभियंता के मुताबिक, आटा चक्की संचालक संजय कुमार के विरुद्ध तुर्की थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों में हड़कंप मच गया है।
