खंडवा में दरगाह हटाने की कार्रवाई को लेकर चल रहा विवाद प्रदर्शन तक पहुंच गया है। गुरुवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शहरकाजी सैयद निसार अली के कथित बयान के विरोध में प्रदर्शन किया और उनके फोटो पर स्याही पोतकर उसे पैरों से कुचला। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शहरकाजी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

हिंदू संगठनों का आरोप है कि दरगाह हटाने की कार्रवाई के विरोध में शहरकाजी ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। कथित बयान में उन्होंने कहा था कि दरगाह तोड़े जाने की स्थिति में अगले दिन मंदिरों के सामने जाकर विरोध किया जाएगा और दूसरे धर्मों के इबादतगाहों को लेकर सवाल उठाए जाएंगे। इसी टिप्पणी को लेकर संगठनों ने नाराजगी जताई और प्रदर्शन के दौरान शहरकाजी के खिलाफ नारेबाजी की।

विवाद की शुरुआत मंगलवार को हुई थी, जब जिला प्रशासन की टीम मानसिंग ऑयलमील क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। यहां दरगाह हटाने की कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर और शहरकाजी सैयद निसार अली के बीच बहस हो गई। दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद विवाद बढ़ता चला गया।

सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर ने कहा है कि पूरे वीडियो की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे घटनाक्रम को समझना जरूरी है। फिलहाल शहरकाजी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने या किसी अन्य कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।