आईएमएस बीएचयू का 66वां वार्षिक स्थापना दिवस समारोह स्वतंत्रता भवन में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान का शोध के क्षेत्र में प्रदर्शन अच्छा है, लेकिन इसे और आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा, दंत एवं आयुर्वेद संकाय मिलकर उत्कृष्ट अनुसंधान करें, जो दुनिया के लिए मानक बन सके। कार्यक्रम में चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड के प्रो. एमके रमेश, राष्ट्रीय दंत आयोग के चेयरमैन प्रो. संजय तिवारी, आयुर्वेद चरक संस्थान नई दिल्ली के प्रो. हरिमोहन चन्डोला और आईजीआईएमएस पटना के प्रो. विजयेंद्र कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर आईएमएस रिसर्च अवार्ड वितरण समारोह में डा. अभिषेक पाठक, डा. रोयना सिंह, डा. अखिलेश चंद्र और डा. महेश खैरनार सहित कुल 37 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिए गए। प्रो. संजय गुप्ता ने स्वागत और प्रो. टीपी चतुर्वेदी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच का संचालन डा. दीपा देवदास, डा. किरण गिरी और डा. राशि शर्मा ने किया।
आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि संस्थान इस वर्ष एनआईआरएफ रैंकिंग में देश में छठे स्थान पर रहा। इस वर्ष संस्थान से 748 शोधपत्र प्रकाशित हुए और 60 ईएमआर प्रोजेक्ट चल रहे हैं। कई संस्थानों के बीच पांच महत्वपूर्ण समझौते किए गए, जबकि विकास कार्यों के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई।
हेल्थ मेला के संयोजक प्रो. वीएन मिश्रा ने बताया कि मेले के दूसरे दिन लगभग 4,200 स्कूली छात्रों सहित 6,700 लोगों की खून से संबंधित जांच, ब्लड प्रेशर सहित अन्य महत्वपूर्ण जांच की गई।
