नरसिंहपुर जिले के करकबेल गांव की डॉ. दीक्षा पाटकर ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 88वीं रैंक हासिल की है। वह 2025 बैच में चयनित हुईं। दीक्षा पहले ही AIIMS से MBBS और MD की डिग्री प्राप्त कर चुकी हैं।
करकबेल (गोटेगांव) के साधारण परिवार से आने वाली दीक्षा के पिता हेमराज पाटकर गांव में छोटी किराना दुकान चलाते हैं और खेती करते हैं। उनकी सीमित आय के बावजूद बेटी की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आई। मां अर्चना पाटकर के त्याग को भी इस सफलता का हिस्सा माना जा रहा है।
दीक्षा ने पहली से पांचवीं तक पढ़ाई गांव के निजी स्कूल में की, फिर नवोदय विद्यालय बोहानी से 12वीं पूरी की। डॉक्टर बनने की चाह में वे एक साल कोटा गईं और पहले प्रयास में NEET पास कर AIIMS जोधपुर में MBBS में दाखिला लिया। इसके बाद पहले ही प्रयास में NEET-PG क्लियर कर AIIMS दिल्ली से स्त्री रोग विशेषज्ञ में MD की उपाधि ली। बाद में उन्होंने गुना और जबलपुर के मेडिकल संस्थानों में सेवाएं दीं।
मरीजों का इलाज करते हुए दीक्षा को लगा कि डॉक्टर के तौर पर वे सीमित लोगों की मदद कर पा रही हैं, जबकि प्रशासनिक सेवा में नीतिगत स्तर पर पूरे समाज और स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। इसी सोच के साथ वे UPSC की तैयारी के लिए भोपाल आईं, जहां उनके बड़े भाई डॉ. देवेंद्र पाटकर ने हर कदम पर साथ दिया। पहले प्रयास में वे प्रीलिम्स पास करने के बाद मेंस में सफल नहीं हो सकीं। दूसरे प्रयास में उन्होंने प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू तीनों पड़ाव पार करते हुए 88वीं रैंक हासिल की।
