दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 टूर्नामेंट में भारत ए के लिए खेलते हुए हर्षित राणा ने पाकिस्तान ए के खिलाफ टीम को दो अहम विकेट दिलाए। इन विकेटों में उनकी गेंदबाजी से ज्यादा योगदान उनकी स्लेजिंग का रहा। पाकिस्तान ए की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत की थी और तेजी से बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी। शुरुआती चार ओवर में ही 46 रन जुड़ गए थे। हर्षित के तीसरे ओवर में माज सदाकत ने 3 चौके लगाकर पाकिस्तान का स्कोर 5 ओवर में 58 रन कर दिया।
इसके बाद हर्षित ने पैंतरा बदला और पारी के 7वें ओवर में लगातार स्लेजिंग की। साथ ही सटीक लाइन लेंथ पर गेंदबाजी की, ताकि बल्लेबाज बड़ा शॉट न खेल सकें। इस ओवर में उन्होंने सिर्फ एक रन दिया। इसका फायदा अगला ओवर करने वाले आयुष बडोनी को मिला। आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर शामिल हुसैन ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में हर्षित को ही कैच थमा दिया। हर्षित ने कैच पकड़ा और पाकिस्तानी बल्लेबाजों को उकसाना जारी रखा।
अगले ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने नए बल्लेबाज रोहैल नजीर पर कोई कमेंट किया और अगली गेंद तेज गति से विकेटों पर डाली। बल्लेबाज ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह लेट हो गया और एलबीडब्ल्यू आउट होकर पवेलियन लौट गया। नजीर अपना खाता तक नहीं खोल पाए।
हर्षित राणा ने इस मैच में 6 ओवर का लंबा स्पेल किया, लेकिन स्लेजिंग के जरिए उन्होंने अपनी ऊर्जा भी बनाए रखी। इस वजह से पूरे स्पेल में कहीं ये नहीं लगा कि हर्षित थके हुए हैं या उनकी गेंदबाजी की धार कम हुई है। उन्होंने इस दौरान अपने वैरिएशन का भी अच्छा इस्तेमाल किया। हालांकि, वह महंगे साबित हुए, लेकिन पाकिस्तानी बल्लेबाजों को दबाव में रखा।
