हरियाणा के हिसार जिले में शनिवार को आर्मी ट्रेनिंग के दौरान एक टैंक की चपेट में आने से भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शहीद जवानों की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली निवासी नायक मनीष कुमार और बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार के रूप में हुई है। जांच अधिकारी अशोक कुंडू ने बताया कि यह हादसा हिसार जिले के भोजराज गांव में हुआ, जहां ट्रेनिंग के दौरान गलती से टैंक की चपेट में आने से दोनों जवानों की मौत हो गई।
अशोक कुंडू के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे उन्हें सूचना मिली कि भोजराज गांव में आर्मी ट्रेनिंग कैंप पर हुए हादसे में दो जवान शहीद हुए हैं। सूचना मिलने पर हिसार पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। जवानों के परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए और पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर सेना को सौंप दिए गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय सेना भोजराज गांव में 32 टैंकों के साथ युद्धाभ्यास कर रही थी। इसी दौरान शनिवार की दोपहर करीब एक बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि अभ्यास के दौरान उड़ी धूल के कारण टैंक चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया, जिससे टैंक आगे तैनात दो जवानों के ऊपर से गुजर गया। हादसे में दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत हिसार मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद सैन्य अधिकारियों ने घटना की जानकारी हिसार पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। जानकारी सामने आने पर हिसार पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की और 22 नवंबर को शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अधिकारी अशोक कुंडू ने कहा कि हिसार पुलिस इन दोनों जवानों की शहादत का सम्मान करती है और देश के लिए उनकी शहादत को पूरे सम्मान के साथ याद रखा जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद सेना ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर अपने सुपुर्द ले लिए।
