वाराणसी के पुलिस कमिश्नर आईपीएस मोहित अग्रवाल को आईआईएम मुंबई ने जनसेवा, उत्कृष्ट व्यावसायिक दक्षता और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रतिष्ठित डिस्टिंग्विश्ड एलुमनी अवार्ड से सम्मानित किया है। यह सम्मान आईआईएम के निदेशक प्रो. मनोज तिवारी ने मुंबई में आयोजित एक समारोह में दिया।
मोहित अग्रवाल का बरेली से गहरा रिश्ता है। उनका जन्म फरीदपुर में हुआ और उन्होंने यहीं के सीएस इंटर कालेज से पढ़ाई की। उनके पिता केएम अग्रवाल फरीदपुर के सीएस इंटर कालेज में गणित के प्रवक्ता थे और उन्होंने ही मोहित को गणित में पारंगत किया। मोहित ने बताया कि उनका परिवार पहले फरीदपुर में रहता था और अब उनके पिता ग्रीन पार्क में रहते हैं। उन्होंने पांचवीं तक की पढ़ाई सरस्वती शिशु मंदिर से और कक्षा छह से 12वीं तक की शिक्षा फरीदपुर के सीएस इंटर कालेज में की।
उन्होंने गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग की। इसके बाद आईआईएम मुंबई पूर्व में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पीजी डिप्लोमा किया और फिर सिविल सेवा की तैयारी की। वह भारतीय पुलिस सेवा के 1997 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं और अपने सेवाकाल में उत्तर प्रदेश के 15 जनपदों में पुलिस प्रमुख के रूप में कार्य कर चुके हैं।
उन्होंने 2005-2006 के दौरान एक वर्ष तक संयुक्त राष्ट्र में सेवाएं दीं, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था का अनुभव मिला। 2023-2024 के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) के प्रमुख के रूप में कार्य किया, जहां उनके नेतृत्व में एटीएस ने उत्तर प्रदेश में आईएसआईएस से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का राजफाश किया। उन्होंने 2013 और 2019 में प्रयागराज कुंभ मेले का सफल आयोजन कराया। फर्रुखाबाद में ऑपरेशन मासूम का सफल नेतृत्व भी उन्होंने किया, जिसमें एक अपराधी ने 23 बच्चों को बंधक बनाकर प्रत्येक के बदले एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस कार्रवाई में अपराधी मारा गया और सभी 23 बच्चों को सकुशल मुक्त कराया गया। इस अभियान के लिए उन्हें राष्ट्रपति का पुलिस वीरता पदक प्रदान किया गया। इसके अलावा उन्हें राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पुलिस पदक, राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पुलिस पदक और केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा अति उत्कृष्ट सेवा पदक भी मिल चुके हैं।
