बढ़ते मेडिकल खर्च के बीच लोग हेल्थ इंश्योरेंस पर निर्भर हैं, लेकिन कई बार क्लेम अटकने या फंसने से मुश्किलें आती हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए बीमा नियामक इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IRDAI) हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम में पारदर्शिता लाने की तैयारी कर रहा है। गुरुवार को IRDAI के चेयरमैन अजय सेठ ने इस संबंध में जानकारी दी।

मिली जानकारी के अनुसार, IRDAI अगले 10 दिनों के भीतर दो इंडस्ट्री वर्किंग ग्रुप बनाने की योजना बना रहा है। इनका मकसद हेल्थ क्लेम प्रोसेसिंग में पारदर्शिता लाना और सभी बीमा कंपनियों के लिए परफॉरमेंस मेट्रिक्स को एक समान बनाना है।

बताया गया है कि एक वर्किंग ग्रुप क्लेम की रियल-टाइम ट्रैकिंग पर ध्यान देगा, जिसमें प्री-ऑथराइजेशन, अस्पताल से छुट्टी (डिस्चार्ज) और फाइनल सेटलमेंट शामिल होंगे। वहीं, दूसरा ग्रुप क्लेम और शिकायतों के निपटारे के प्रदर्शन को मापने के लिए कॉमन पैरामीटर यानी मानक तैयार करने पर काम करेगा।

IRDAI चेयरमैन अजय सेठ ने कहा कि अभी ऐसा कोई सिस्टम नहीं है जिसमें यह दर्ज हो कि कोई क्लेम पूरी तरह या आंशिक रूप से क्यों रिजेक्ट किया गया। रिजेक्शन के कारणों को स्टैंडर्डाइज करने से बीमा कंपनियों को पूरी इंडस्ट्री में अपने प्रदर्शन की तुलना करने में मदद मिलेगी। सेठ ने मुंबई में गेटकीपर्स ऑफ गवर्नेस इवेंट में एआई के जोखिमों पर भी बात की।