रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पंजाब के जालंधर निवासी 40 वर्षीय गुरप्रीत सिंह रंधावा को यूक्रेनी सेना ने अपने कब्जे में लिया है। आरोप है कि उन्हें रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया गया और बाद में रूसी सेना में भर्ती कर युद्ध के मोर्चे पर भेज दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन में मौजूद सूत्रों के हवाले से उनकी पहचान की गई है। इसी सप्ताह यूक्रेन के यूट्यूबर वोलोदिमिर जोल्किन ने उनका करीब एक घंटे का इंटरव्यू किया, जिसमें गुरप्रीत कई बार भावुक होकर रो पड़े। यह वीडियो यूक्रेन सरकार की परियोजना ‘आई वांट टू लिव’ ने भी साझा किया है, जो युद्धबंदियों से जुड़े यूक्रेनी सरकारी समन्वय मुख्यालय के तहत काम करती है।

‘आई वांट टू लिव’ परियोजना के मुताबिक, गुरप्रीत ने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा था, जिसमें कपड़ों की फैक्ट्री में ड्राइवर की नौकरी देने का वादा किया गया था। एक रिक्रूटर ने उन्हें रोजगार दिलाने का भरोसा दिया। परियोजना के अनुसार, उन्हें टूरिस्ट वीजा दिलाने में मदद की गई, हवाई टिकट खरीदे गए और रूस पहुंचने पर दिखाने के लिए 500 डॉलर भी दिए गए। दिल्ली से रूस पहुंचने के बाद उन्हें और अन्य विदेशी नागरिकों को समारा क्षेत्र में रूसी गृह मंत्रालय की चिकित्सा इकाई के अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल परीक्षण के बाद उनसे सैन्य सेवा के अनुबंध पर हस्ताक्षर कराए गए।

गुरप्रीत को रूसी सेना की 27वीं मोटर राइफल डिवीजन की 589वीं मोटर राइफल रेजिमेंट में तैनात किया गया था। ट्रेनिंग के दौरान उनके साथ करीब 100 विदेशी नागरिक मौजूद थे, जिनमें भारत और नेपाल के लोग भी शामिल थे। परियोजना की पोस्ट में गुरप्रीत के हवाले से ट्रेनिंग के दौरान गंभीर घटनाओं का जिक्र किया गया है। दावे के मुताबिक, दो विदेशी नागरिकों ने फायरिंग रेंज से भागने की कोशिश की थी, जिनमें से एक को गोली मार दी गई, जबकि दूसरे को बंकर के सामने खंभे से बांधकर सीसीटीवी निगरानी में रखा गया और उसे खाना या पानी देने से मना कर दिया गया।

पोस्ट के मुताबिक, अक्टूबर की शुरुआत में ट्रेनिंग पूरी होने के बाद गुरप्रीत और अन्य विदेशी नागरिकों को पोक्रोव्स्क सेक्टर में युद्ध के मोर्चे पर भेज दिया गया। मोर्चे की ओर जाते समय उनके समूह पर हमला हुआ, जिसमें दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। गुरप्रीत ने रूसी सैनिकों के कब्जे वाले बंकर में शरण लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें वहां से बाहर निकाल दिया गया। यूक्रेन की परियोजना के मुताबिक, रूसी सैन्य कमान के कथित बर्ताव और बड़ी संख्या में लोगों को मरते देखने के बाद उन्होंने हथियार छोड़कर यूक्रेनी सेना की पोजीशन की तरफ बढ़कर आत्मसमर्पण कर दिया। इंटरव्यू में गुरप्रीत ने भारत सरकार से हाथ जोड़कर अपील की कि भारतीय युवाओं को रूस जाने से रोका जाए। उन्होंने कहा कि रूस सोशल मीडिया पर नौकरी के बड़े-बड़े अवसरों का विज्ञापन देता है, लेकिन लोगों को मौत के मुंह में धकेल दिया जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत में हर कोई पैसा कमाना चाहता है, लेकिन युवाओं को रूस मत जाने दीजिए। मैंने अपनी आंखों के सामने पंजाब, भारत और नेपाल के कई लड़कों को मरते देखा है। मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं।’’

यह युद्ध के बीच किसी भारतीय नागरिक के यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण करने का दूसरा मामला बताया गया है। इससे पहले गुजरात के मोरबी के रहने वाले 23 वर्षीय साहिल माजोठी ने पिछले साल अक्टूबर में यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण किया था। आरोप था कि उन्हें भी रूसी सेना की वर्दी पहनाकर युद्ध के मोर्चे पर लड़ने के लिए मजबूर किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, साहिल अभी भी ल्वीव स्थित जाखिद-1 युद्धबंदी शिविर में हिरासत में हैं। उसे इस महीने की शुरुआत में यूक्रेनी सूत्रों से दूसरे भारतीय नागरिक के पकड़े जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद 12 नवंबर को कीव स्थित भारतीय दूतावास में राजदूत अंजनी कुमार और यूक्रेन में युद्धबंदियों