दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार को एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें पांच जवान घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, तीन जवानों को गंभीर चोटें आई हैं। आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। हमले के बाद वह थाने से भाग गया और एक बाइक लेकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, नबील को उसकी मां और बहन से पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में काउंसिलिंग के लिए थाने बुलाया गया था। वह दोपहर करीब 2:30 बजे थाने पहुंचा और छिपाकर लाया चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों के गले और चेहरे पर वार किए।

पुलिस टीम ने भागे हुए आरोपी को चितली कबर इलाके में घेर लिया, जहां उसने कथित तौर पर दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला किया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने छह गोलियां चलाईं। आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। पुलिस उसे पास के अस्पताल ले गई।

हमले में घायल पांचों पुलिसकर्मियों को पहले संजीवन अस्पताल ले जाया गया और बाद में आगे के इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल भेजा गया।