छठ महापर्व के बाद परदेस लौट रहे लोगों की भारी भीड़ के कारण जमालपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को तत्काल टिकट के लिए यात्रियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई यात्री रात से ही काउंटर के बाहर कतार में लगे रहे और धक्का-मुक्की से बचने के लिए उन्होंने रात में ही एक सूची बनाकर अपना नंबर लिख लिया था। लगभग 24 घंटे की प्रतीक्षा के बाद सुबह काउंटर खुला, तो पहले तीन नंबर पर मौजूद यात्रियों को कंफर्म टिकट मिल गया।

सूची में पहले नंबर पर मौजूद जिज्ञासा कुमारी एवं मानव कुमार को जमालपुर से आनंद विहार जाने के लिए विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस में तत्काल का कंफर्म टिकट मिला। दूसरे नंबर पर मौजूद सुधा देवी को पटना से मुंबई (सीएसटी) के लिए कंफर्म टिकट मिला, जबकि तीसरे नंबर पर जमालपुर से हावड़ा जाने के लिए शहाबुद्दीन को कंफर्म टिकट मिला। इसके बाद कतार में खड़े चौथे नंबर के विजय कुमार को जमालपुर से हावड़ा के लिए सुपर एक्सप्रेस का टिकट लेने पर 28 वेटिंग मिली, वहीं पांचवें नंबर पर यशवंतपुर जाने के लिए प्रिंस कुमार का टिकट सीधे 130 वेटिंग पर चला गया।

यात्रियों को व्यवस्थागत कमियों का भी सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि बुधवार के तत्काल टिकट के लिए बनाई गई उनकी सूची को कुछ अवांछित तत्वों ने फाड़ दिया, जिससे विवाद की स्थिति बन गई। यात्रियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेल प्रशासन से सूची लगाने वाली जगह पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है। इसके अलावा यात्री कुंदन कुमार, मुकेश, पंकज और विकास आदि ने मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता से त्योहारों के इस रश के दौरान तत्काल समय में बंद दूसरे काउंटर को भी खोलने की मांग की है, ताकि लंबी कतारें छोटी हो सकें और महिलाओं व बुजुर्गों को राहत मिले।

रेल प्रशासन भीड़ के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मुस्तैद है। स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार, सीएमआई संजीव कुमार गुप्ता और सीआईटी सुमन शर्मा के नेतृत्व में आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे हैं, और उद्घोषणा केंद्र से यात्रियों से पीली सुरक्षा रेखा पार न करने तथा कतारबद्ध होकर ट्रेन में चढ़ने की अपील की जा रही है। पूर्व रेलवे की ओर से चलाई गई स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को राहत मिली है। जमालपुर से हावड़ा के लिए शुरू हुई अनारक्षित स्पेशल ट्रेन (03024) से पहले ही दिन 100 से अधिक यात्रियों ने टिकट लेकर सफर किया, जिससे मुख्य नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कुछ कम हुआ है।