केंद्र सरकार ने जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को झारखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक चीफ जस्टिस नियुक्त किया है। वे 28 नवंबर से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। यह नियुक्ति चीफ जस्टिस एमएस सोनक के 27 नवंबर को रिटायर होने के बाद प्रभावी हुई है। कानून एवं न्याय मंत्रालय ने 26 नवंबर को अधिसूचना जारी की, जिसमें संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत राष्ट्रपति द्वारा यह जिम्मेदारी सौंपे जाने की बात कही गई है।
यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 24 नवंबर को कर्नाटक हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस विभु बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का नियमित चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की थी। कॉलेजियम में जस्टिस बाखरू के नाम पर सहमति बन चुकी थी और यह प्रस्ताव जस्टिस सोनक के रिटायरमेंट से खाली होने वाले पद से जुड़ा था। यानी कार्यवाहक पद के लिए केंद्र ने जस्टिस प्रसाद को नियुक्त किया, जबकि नियमित पद के लिए कॉलेजियम ने दूसरे नाम की सिफारिश की थी।
जस्टिस प्रसाद की नियुक्ति इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि CJI सूर्यकांत ने उनके खिलाफ मिली शिकायतों पर झारखंड हाईकोर्ट के तत्कालीन चीफ जस्टिस एमएस सोनक से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी थी। शिकायतों में उनकी निष्पक्षता और ईमानदारी पर सवाल उठाए गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, जांच की प्रक्रिया जारी थी और उस समय तक कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया था। CJI ने रिपोर्ट मिलने की पुष्टि या इनकार नहीं किया था।
इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने CJI को पत्र लिखकर हाईकोर्ट में नियमित चीफ जस्टिस नियुक्त करने की मांग की थी और बार-बार नेतृत्व बदलने से पैदा हो रही संस्थागत अनिश्चितता का मुद्दा उठाया था। बताया जाता है कि जस्टिस प्रसाद के खिलाफ शिकायतें सोरेन की चिट्ठी से पहले ही CJI तक पहुंच चुकी थीं। जस्टिस प्रसाद 2014 में झारखंड हाईकोर्ट में नियुक्त हुए थे और इससे पहले दो बार कार्यवाहक चीफ जस्टिस की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनका कार्यकाल 19 जून 2029 तक है।
