दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ अभियान के तहत तीन कार्रवाइयों में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इनके कब्जे से चोरी की 25 बाइकें बरामद हुई हैं और इन गिरफ्तारियों से दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी के 23 मामले सुलझे हैं। आरोपितों में बिट्टू गिरोह के सदस्य और अंतरराज्यीय वाहन चोर बताए गए हैं।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में बिट्टू उर्फ सनी और अर्जुन को गिरफ्तार कर चोरी की 12 बाइक और स्कूटी बरामद की गईं। संगम विहार निवासी बिट्टू पर 11 और मदनपुर खादर निवासी अर्जुन पर पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, चोरी, हत्या और हत्या के प्रयास के मामले शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से 12 मामले सुलझे।

दूसरी कार्रवाई में आशु उर्फ माया उर्फ आसिफ और विजय उर्फ चीरा को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर दिल्ली-एनसीआर से चोरी के 12 वाहन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, इससे 10 मामले सुलझे और दो अन्य बाइकें भी जब्त की गईं। आशु पर आर्म्स एक्ट, लूट और चोरी समेत 11 मामले हैं, जबकि विजय पर एनडीपीएस एक्ट और गंभीर चोट पहुंचाने के दो मामले दर्ज हैं।

तीसरी कार्रवाई में 19 नवंबर को चोरी के ई-स्प्रिंटो इलेक्ट्रिक स्कूटर के मामले में सोहेल खान और सनी कुमार (20) को गिरफ्तार किया गया। दोनों मालवीय नगर के कालू सराय के निवासी हैं। पुलिस आरोपितों की अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है और बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों का पता लगा रही है।