कानपुर में गोविंदपुरी स्टेशन रोड पर 2 नवंबर की देर रात एक मोबाइल दुकान से हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के अनुसार, भौंती बाईपास के पास से बिहार के अररिया जिले के रहने वाले आरोपी नईम को गिरफ्तार किया गया है। उसके दो बैग से 30.75 लाख रुपये कीमत के 75 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। चोरी में शामिल दूसरा आरोपी मेहताब पुलिस की दबिश के दौरान बुधवार को अपनी बेटी की शादी छोड़कर मकान की दूसरी मंजिल से करीब 20 फीट नीचे कूदकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने चोरी से पहले एक महीने तक आसपास की दुकानों की रेकी की थी। नईम केबल बिछाने का काम करता था। चोरी की रात आरोपियों ने बेकरी के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मोबाइल दुकान से 78 फोन तथा गुल्लक में रखे 50 हजार रुपये ले गए। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए करीब 1200 कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी पटना जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे और वहां से बस से अररिया गए थे।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी नेपाल में चोरी के मोबाइल फोन वास्तविक कीमत के करीब 25 प्रतिशत पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर दिल्ली के रोहिणी, बेंगलुरु, हैदराबाद के दुलपल्ली, मध्य प्रदेश के बदरहा, गोवा और कर्नाटक के सिमोगा समेत कई स्थानों पर ज्वेलर्स के शोरूम और अन्य प्रतिष्ठानों से करोड़ों रुपये के जेवरात चोरी करने के आरोप हैं। नईम के खिलाफ दिल्ली में 10 और गोविंद नगर थाने में एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।
