कर्नाटक सरकार ने राज्यभर में वियतनाम की कंपनी 'ग्रीन एसएम' द्वारा चलाई जा रही नई टैक्सियों का रजिस्ट्रेशन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए हैं। परिवहन मंत्री बायराथी सुरेश ने बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओला, उबर और रैपिडो जैसी ऐप-आधारित कंपनियों की टैक्सियों सहित सभी टैक्सियों में किराया मीटर लगाना अनिवार्य किया जाएगा। सरकार का कहना है कि ये कदम स्थानीय टैक्सी मालिकों और ड्राइवरों के हितों की रक्षा के लिए उठाए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि अब तक 'ग्रीन एसएम' की 100 टैक्सियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अगले आदेश तक इस कंपनी की किसी और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन न किया जाए। आगे के रजिस्ट्रेशन पर फैसला मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ चर्चा के बाद लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि टैक्सी मालिकों और ड्राइवरों ने सरकार को ज्ञापन सौंपकर मीटर लागू करने का अनुरोध किया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
सुरेश ने कहा कि ऑटो-रिक्शा की तरह सभी टैक्सियों में मीटर लगाना होगा और कंपनियों को सरकार द्वारा तय किराया ही वसूलना होगा। नीति का उल्लंघन करने वाली टैक्सियों को जब्त किया जा सकता है। विभाग इसके लिए जरूरी कानूनी प्रावधान और नियम तैयार कर रहा है, जिन्हें जल्द लागू किया जाएगा।
मंत्री ने यह भी बताया कि दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे राज्य में आधे हेलमेट के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया है। साथ ही फुटपाथ पर दोपहिया वाहन चलाने पर जुर्माना दोगुना करने के नियम तैयार किए जा रहे हैं और बार-बार ऐसा करने वालों के वाहन जब्त किए जा सकेंगे।
