कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नेपाल के वराह क्षेत्र में भगवान विष्णु के वराह अवतार के दर्शन के लिए कोसी-सीमांचल से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। कोसी नदी के तलहटी में स्थित यह मंदिर भारत-नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक संबंधों का प्रतीक माना जाता है। श्रद्धालु चतरा से लगभग छह किलोमीटर पैदल पहाड़ी रास्ता तय कर मंदिर तक पहुंचते हैं। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर कोसी में स्नान के बाद वराह भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना से मोक्ष की प्राप्ति होती है।

सिकटी (अररिया) से संवाद सूत्र के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर नेपाल के वराह क्षेत्र में भव्य मेला लगता है। भारत और नेपाल के बीच सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्ते सदियों पुराने हैं। माना जाता है कि भगवान विष्णु के दस अवतारों में तीसरा अवतार वराह नेपाल के इसी वराह क्षेत्र में विराजमान हैं। हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर भारत से हजारों लोग यहां पहुंचकर भगवान विष्णु के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं।

धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, आदिकाल में हिरण्याक्ष नामक दैत्य के अत्याचार से सभी जीव परेशान थे। उसने पृथ्वी को भी पाताल लोक में छिपा दिया था। देवताओं की विनती पर भगवान विष्णु ने वराह रूप धारण कर हिरण्याक्ष का संहार किया और पृथ्वी को बाहर निकाला। वराह रूप धारण करने के कारण उस स्थान का नाम वराह क्षेत्र पड़ा।

कुर्साकांटा और सिकटी प्रखंड से लगभग 80 किमी दूर कोसी नदी के तलहटी में भगवान विष्णु का वराह मंदिर स्थित है। श्रद्धालु नेपाल सीमा क्षेत्र बेतौना के रास्ते विराटनगर होकर चतरागद्दी पहुंचते हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग जमा होते हैं। मध्य रात्रि के बाद से लोग मंदिर के लिए प्रस्थान करते हैं और वहां से छह किमी दूर पहाड़ियों का रास्ता तय करते हैं। इस दौरान वराह क्षेत्र की प्राकृतिक छटा और स्थानीय लोगों के रहन-सहन को नजदीक से देखने का मौका मिलता है।

लगातार वराह क्षेत्र जाने वाले दीपक केशरी, चंदन यादव, भोला साह, सरदार गोरख सिंह, पवन साह, ठेंगापुर से बिनोद कुमार मंडल और करण सिंह आदि बताते हैं कि नेपाल पहुंचने पर वे वहां की स्थानीय भाषा बोलने लगते हैं और नेपाली उन्हें समझ भी आती है। इसी कारण भीतरी इलाकों में भी भारतीय लोगों को कोई परेशानी नहीं होती।