कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में इस मौसम की पहली भारी बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है और कई इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे चला गया है। श्रीनगर में इस मौसम में पहली बार न्यूनतम तापमान -0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां तापमान -3.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार 26 नवंबर तक कश्मीर में मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा।

पहलगाम के बाद शोपियां में -3.6, गुलमर्ग में -3.4 और लरनू में -2.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पुलवामा में -2.3, सोनमर्ग में -1.9, जेथन रफियाबाद में -1.6 और बडगाम-खुदवानी में -1.3 डिग्री सेल्सियस रहा। काजीगुंड और बीरवाह में -1.0, अनंतनाग और कुपवाड़ा में -0.9 तथा खग में -0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गांदरबल में 0.1, बांदीपोरा में 0.3, बारामूला में 0.6 और कोकेरनाग में 1.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। कुलगाम के आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके।

हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोनमर्ग और गुलमर्ग समेत ऊंचाई वाले इलाकों में इस मौसम की पहली भारी बर्फबारी हुई, जिसके बाद घाटी में ठंड बढ़ गई और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम समेत कई इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंचने से घाटी में कड़ाके की ठंड शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने की उम्मीद है, हालांकि सप्ताह के आखिर में कुछ बादल छा सकते हैं। वीकेंड पर बारिश या बर्फबारी की कोई बड़ी संभावना नहीं है।

जम्मू में मौसम साफ और धूप वाला रहा। दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सांबा में भी धूप खिली रहेगी और तापमान 12 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। डोडा में तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि किश्तवाड़ में मौसम ज्यादातर साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 13 डिग्री और रात में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।