कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में शनिवार रात बर्फबारी हुई, जिससे रविवार को मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में अगले दो दिन बर्फबारी की संभावना है। दिल्ली और राजस्थान में हल्की बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। दिल्ली के अलावा 10 जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में भी बीकानेर सहित जयपुर संभाग के 10 जिलों में रविवार को बादल छाने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश का यलो अलर्ट है।

मध्य प्रदेश में 19 जिलों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। अनूपपुर के अमरकंटक में सबसे कम 10.7 डिग्री तापमान रहा। मौसम केंद्र (IMD) के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवातीय तूफान के कारण प्रदेश में 20 नवंबर के बाद बारिश का एक दौर आ सकता है। छत्तीसगढ़ में भी 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जहां सरगुजा में सबसे कम 11.4 डिग्री दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से ठंड बढ़ने लगी है। रविवार को लखनऊ, कानपुर, संभल, शामली, मऊ, बाराबंकी और उन्नाव समेत 15 शहरों में सुबह कोहरा रहा, जबकि शनिवार को करीब 25 शहर घने कोहरे की चपेट में रहे। पंजाब में फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जालंधर में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई और चंडीगढ़ में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान बन सकता है। चक्रवात बनने पर इसका नाम 'अकवान' रखा जाएगा, जिसका सुझाव ईरान ने दिया है। यह एक महीने में बंगाल की खाड़ी से उठने वाला तीसरा तूफान होगा।