जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में एक आतंकी के मारे जाने के बाद सीआरपीएफ के जवान लश्कर के आतंकी लतीफ भट्ट की तलाश में लगातार दूसरे दिन अभियान चला रहे हैं। इस बीच एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें लतीफ भट्ट और उसके सहयोगी उमर निसार डार को देखा गया है। यह फुटेज 10 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ की पोस्ट पर हुए हमले के बाद का है।

फुटेज में दोनों आतंकी एक वैन से उतरते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक के हाथ में छड़ी और दूसरे के हाथ में बैग है। छड़ी पकड़े शख्स वहां खड़े एक अन्य व्यक्ति से बात करता है, इसके बाद वे वहां से चले जाते हैं। थोड़ी देर में वैन से ड्राइवर और एक अन्य शख्स भी उतरता है। इनमें से तीन लोग एक साथ चले जाते हैं, जबकि आखिरी में उतरने वाला शख्स दूसरी तरफ चला जाता है।

सुरक्षाबलों का कहना है कि फायरिंग में लतीफ भट्ट घायल हुआ है और वह जंगलों में कहीं छिपा हो सकता है। वहीं उसका साथी उमर निसार डार सोमवार को मुठभेड़ में मारा गया था। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि हमले में संदिग्ध रूप से शामिल रहे दो युवक कुलगाम में लारू बाईपास के पास घूम रहे हैं, जिसके बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने वहां घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।

अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा बलों की हलचल देखकर दोनों संदिग्ध एक नजदीकी सेब के बाग के पास स्कूलों की ओर भाग गए, जहां उस समय विद्यार्थी मौजूद थे। इसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और फायरिंग शुरू हो गई। इस ऑपरेशन में उमर तो मारा गया, लेकिन लतीफ भट्ट भाग निकला। अधिकारियों का कहना है कि डार 11 नवंबर से अपने घर से लापता था। 11 नवंबर को ही सीआरपीएफ जवानों पर हमला हुआ था।

अधिकारियों ने बताया कि पहले भी पथराव की घटना में शामिल रहा डार हमले के बाद सीसीटीवी फुटेज में भट्ट के साथ भागते हुए देखा गया था। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने उसे खोजने की कोशिशें तेज कर दी हैं और बाग के आसपास के कई इलाकों की घेराबंदी कर दी है। एजेंसियों का कहना है कि दोनों आतंकी मिलकर किसी और बड़े हमले का भी प्लान बना रहे थे।