पूर्व IPL कमिश्नर ललित मोदी ने मंगलवार को लंदन से बयान जारी कर कहा कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारत नहीं छोड़ा था। उनका दावा है कि 2010 में जान को खतरा होने के कारण वे देश छोड़कर गए थे। मोदी ने कहा कि बिना सूचना दिए उनकी सुरक्षा हटाई गई थी और इसके तीन दिन बाद वे भारत से चले गए। उस समय उनके खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं थी।
मोदी ने यह भी कहा कि 16 साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी भारत की किसी अदालत में उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि ED के कहने पर उनका पासपोर्ट रद्द किया गया था, लेकिन 2014 में दिल्ली हाईकोर्ट ने यह फैसला पलट दिया था। उन्होंने कहा कि इंटरपोल के रिकॉर्ड में उनके खिलाफ कोई आपराधिक अलर्ट या नोटिस नहीं है। मोदी ने गलत खबरें छापकर उनकी छवि खराब करने वाले भारतीय मीडिया संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ललित मोदी अब भारतीय नहीं बल्कि ब्रिटिश नागरिक हैं। उन्होंने 14 नवंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में भाषण देते हुए बताया था कि 15 सितंबर को उन्हें ब्रिटिश नागरिकता मिल गई थी। उनके मुताबिक, लंदन के टाउन हॉल में परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में नागरिकता मिलने का समारोह हुआ था।
मई 2010 में ललित मोदी भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे। उस समय वे IPL के कमिश्नर थे। IPL में वित्तीय गड़बड़ियों और अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद BCCI ने उन्हें निलंबित कर दिया था, जिसके बाद उनके खिलाफ जांच शुरू हुई थी। संविधान के अनुच्छेद 9 और नागरिकता कानून, 1955 की धारा 9 के मुताबिक, कोई भारतीय अगर अपनी मर्जी से दूसरे देश की नागरिकता लेता है तो उसकी भारतीय नागरिकता खत्म हो जाती है।
