मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से अदालत में कथित तौर पर गलत बर्ताव करने वाले वकील प्रवीण सिंघल के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू होने की खबर है। सिंघल ने सोमवार को सुनवाई के दौरान सीजेआई के आदेश पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वह कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने वकील के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार को वकील प्रवीण सिंघल ने एक मामले में तत्काल सुनवाई की मांग की थी। सीजेआई सूर्यकांत ने उन्हें इंतजार करने को कहा, जिस पर वकील भड़क गए। कहा जा रहा है कि मामला अदालत में भ्रष्टाचार से जुड़ा था, हालांकि यह अब तक साफ नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नाराज वकील ने कहा था कि सीजेआई उस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें जरूरी ईमानदारी नहीं है। इसके बाद अदालत की सुनवाई का ऑडियो बंद कर दिया गया और सिंघल को सुरक्षाकर्मी अदालत से बाहर ले गए।
बार काउंसिल के पदाधिकारियों ने कोर्ट को बताया है कि उनके पास सिंघल के ऐसे कुछ वीडियो हैं, जिनमें वह गलत बर्ताव करते नजर आ रहे हैं। वकील के खिलाफ 18 नवंबर को सुनवाई होनी है। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव और सह सचिव प्रज्ञा बघेल और मीनेश दुबे अदालत पहुंचे और इस मामले को शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत तथा पत्रकार निखिल वाघले से जुड़े केस के साथ शामिल करने की अपील की। राउत और वाघले के खिलाफ भी सीजेआई पर टिप्पणी को लेकर केस चल रहा है।
सोमवार को सीजेआई सूर्यकांत के अलावा जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस वी मोहाना की बेंच सुनवाई कर रही थी। वकील ने आरोप लगाया था कि सीजेआई को भ्रष्टाचार से जुड़ा पत्र 2 नवंबर को भेजा गया था, जिसका जवाब अब तक नहीं दिया गया। जस्टिस मोहाना ने कहा कि वह इस तरह की किसी बात का उल्लेख नहीं कर सकते, लेकिन वकील अपनी बात पर अड़े रहे। इसके बाद सीजेआई ने कहा कि वह देखेंगे और उन्हें इंतजार करना होगा, जिस पर वकील ने नाराजगी जताई। उल्लेखनीय है कि अक्टूबर में विपक्षी दलों के सीजेआई से मुलाकात की मांग ठुकराए जाने के बाद राउत के कुछ बयानों पर आपत्ति जताई गई थी और 16 अक्टूबर को कोर्ट ने वाघले और राउत के खिलाफ नोटिस जारी कर पूछा था कि उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही क्यों नहीं होनी चाहिए।
