लखनऊ में 3 से 5 दिसंबर तक एग्रोटेक-2026 का आयोजन होगा। इंडियन चैंबर आफ फूड एंड एग्रीकल्चर (आइसीएफए) की ओर से इसका रजत जयंती संस्करण आइसीएआर-भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान परिसर में किया जाएगा। आयोजन में 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, 15 से अधिक देशों के दूतावासों के राजनयिक और 140 कृषि कंपनियों के सीईओ शामिल होंगे। 12 पद्म पुरस्कार प्राप्त प्रगतिशील किसान भी भागीदारी करेंगे।

चार दिसंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी चौथे उत्तर प्रदेश राज्य कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। मंगलवार को प्रेसवार्ता में आइसीएफए बोर्ड के सलाहकार एवं पूर्व अध्यक्ष डा. एमजे खान ने बताया कि आयोजन में अमेरिका, आस्ट्रेलिया, कनाडा, ब्राजील, नीदरलैंड, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, मिस्र, केन्या, न्यूजीलैंड और सिंगापुर सहित 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इससे कृषि क्षेत्र में निवेश, तकनीकी सहयोग और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की संभावनाओं को विस्तार मिलेगा।

सम्मेलन में कृषि नीतियों, निवेश, कृषि आधारभूत संरचना, निर्यात, आधुनिक तकनीक और किसान-उद्योग साझेदारी पर मंथन होगा। कृषि स्टार्टअप, प्रसंस्करण, सहकारी माडल और बाजार से जुड़ाव जैसे विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। आइसीएफए उत्तर प्रदेश परिषद के सदस्य डा. एमपी भट्ट ने बताया कि एग्रोटेक में कृषि मशीनरी, बीज, उर्वरक, फसल सुरक्षा, सिंचाई, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटल कृषि और कृषि वित्त से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

आइसीएफए के निदेशक तुषार शर्मा ने बताया कि आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 10 हजार से अधिक किसानों के शामिल होने की संभावना है। किसानों के लिए छह विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनमें कृषि वैज्ञानिक, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और उद्योग विशेषज्ञ खेती की लागत कम करने, उत्पादकता बढ़ाने, लाभप्रदता में सुधार और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी देंगे। आधुनिक कृषि मशीनरी और तकनीकों का प्रदर्शन भी किया जाएगा तथा नवाचारी किसानों को उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।