मधुबनी में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत भेजा से बकौर तक बन रहे पुल पर रविवार सुबह एक भारी स्टील आई गटर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उस पर सवार दो युवक बाल-बाल बच गए। घटना महपतिया पंचायत के मनी महपतिया गांव के पास पिलर संख्या 64 के समीप हुई।
जानकारी के अनुसार, पुल पर बस पड़ाव और सीढ़ी बनाने का काम चल रहा है। बस पड़ाव के निर्माण के लिए क्रेन की मदद से स्टील के बड़े आई गटर ऊपर चढ़ाए जा रहे थे। इसी दौरान एक गटर को बांधने वाला तार फिसल गया, जिससे वह आधे रास्ते से सीधे जमीन पर गिर पड़ा।
उस समय सुपौल जिले के गोनवा गांव निवासी रविन्द्र कुमार मंडल (22) अपने एक साथी के साथ कुछ दूरी पर बाइक पर बैठकर निर्माण कार्य देख रहे थे। गटर को गिरता देख दोनों युवक बाइक छोड़कर भागे, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
रविन्द्र ने आरोप लगाया कि जोखिम भरा निर्माण कार्य होने के बावजूद निर्माण एजेंसी ने रास्ते पर आवागमन बंद नहीं कराया और न ही कोई सूचना या चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। उन्होंने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। भेजा थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर एसआइ हरे राम पासवान को मौके पर भेजा गया था। फिलहाल विधि-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुल निर्माण से संबंधित किसी अधिकारी का पक्ष नहीं मिल सका है।
