प्रयागराज में आने वाले माघ मेले के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले में 125 चिकित्सक और 250 पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही दो अस्पताल, 10 फर्स्ट एड पोस्ट और दो उच्चीकृत फर्स्ट एड पोस्ट बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर विभाग का फोकस है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके तिवारी के अनुसार मेले की तैयारियां चल रही हैं और जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को बेहतर व तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, इस पर ध्यान दिया जा रहा है। विभाग की ओर से 50 एंबुलेंस और दो रिवर एंबुलेंस भी लगाई जाएंगी।

पिछले वर्षों की तरह इस बार भी मेले में 20-20 बेड के दो अस्पताल बनाए जाएंगे। एक अस्पताल काली रोड में सेक्टर दो के पास और दूसरा सेक्टर पांच में तुलसी मार्ग के पास बनेगा। इन अस्पतालों में स्त्री एवं प्रसूति, फिजीशियन, बाल रोग विशेषज्ञ और दंत रोग विशेषज्ञ सहित 20-20 चिकित्सक तैनात होंगे। फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय और अन्य कर्मचारी भी तैनात किए जाएंगे। अस्पतालों में एक्स-रे, पैथोलॉजी जांच और प्रसव की सुविधाएं मिलेंगी। ओपीडी में चिकित्सीय सलाह के साथ गंभीर रोगियों को भर्ती करके भी इलाज किया जाएगा।

मेले में फर्स्ट एड पोस्ट भी बनाए जाते हैं। पिछले साल तक 12 फर्स्ट एड पोस्ट बनाए जाते थे। इस बार विभाग दो फर्स्ट एड पोस्ट को उच्चीकृत करने जा रहा है, जहां मरीजों को भर्ती करने के लिए पांच बेड होंगे। इन पोस्टों पर तीन की जगह छह डॉक्टर तैनात किए जाएंगे, जबकि फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वाय एक की जगह तीन-तीन लगाए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।