दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट ने फरीदाबाद के बल्लभगढ़ से एक 14 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा है। उस पर करीब चार हजार अग्निवीरों का निजी डेटा चुराने और उसे डार्क वेब पर बेचने की कोशिश का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने कथित तौर पर एक सरकारी वेबसाइट में सेंध लगाकर डेटा हासिल किया और उसे 500 अमेरिकी डॉलर (करीब 42 हजार रुपये) में बेचने की पेशकश की।
जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, जिस वेबसाइट को निशाना बनाया गया, वह पूर्व अग्निवीरों के रजिस्ट्रेशन और दूसरे सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर तलाशने के लिए तैयार किया गया एक टेस्ट पोर्टल था। आरोप है कि नाबालिग ने इसमें अनधिकृत तरीके से प्रवेश कर डेटा निकाल लिया और फिर डार्क वेब पर विज्ञापन देकर दावा किया कि उसके पास करीब चार हजार अग्निवीरों की निजी जानकारी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में वेबसाइट में सेंध लगाने और डेटा निकालने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टूल्स के इस्तेमाल की आशंका सामने आई है। आईएफएसओ टीम ने नाबालिग के डिजिटल उपकरणों से डेटा बरामद किया है।
पुलिस यह जांच कर रही है कि बरामद डेटा में अग्निवीरों की कितनी वास्तविक जानकारी है और उसकी संवेदनशीलता कितनी है। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर अग्निवीरों का आधिकारिक डेटाबेस मांगा गया है, ताकि बरामद डेटा से उसका मिलान किया जा सके। पुलिस ने नाबालिग से पूछताछ के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि वेबसाइट में सेंधमारी कैसे की गई।
