राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत रविवार शाम करीब सवा छह बजे मुजफ्फरनगर के मोरना क्षेत्र स्थित पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ पहुंचे। यहां उन्होंने श्री शुकदेव आश्रम में शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज सहित ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
आगमन के समय कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। शुकदेव गुरुकुल संस्कृत विद्यालय के 11 बटुक विद्यार्थियों ने शंखनाद किया, जबकि आचार्य गिरिश्चंद उप्रेती, अचल कृष्ण शास्त्री, सुमन कृष्ण शास्त्री और आशीष शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार किए। श्रद्धांजलि के बाद डॉ. भागवत ने आश्रम परिसर स्थित ताऊ देवीलाल भवन में रात्रि विश्राम किया। रात में दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से आए संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ उनका संवाद और विचार-विमर्श भी हुआ।
आश्रम ट्रस्टी ओमदत्त आर्य के अनुसार सोमवार सुबह नौ बजे सरसंघचालक राष्ट्र कल्याण, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना से यज्ञशाला में हवन-यज्ञ में आहुति देंगे। इसके बाद वेदव्यास मंदिर का लोकार्पण करेंगे और प्राचीन अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा करेंगे। शुकदेव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वे डोंगरे भागवत भवन पहुंचकर भागवत कथा भवन का लोकार्पण करेंगे और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम में आमंत्रित साधु-संतों, आचार्यों और शिक्षकों को डॉ. भागवत संबोधित करेंगे। पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज भी उद्बोधन देंगे। संचालन ओमदत्त आर्य करेंगे और इस अवसर पर अभिनंदन ग्रंथ का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद सरसंघचालक स्मृति गैलरी का अवलोकन करेंगे। आश्रम में भोजन और ट्रस्ट पदाधिकारियों से भेंट के बाद दोपहर एक बजे उनके दिल्ली के लिए प्रस्थान का कार्यक्रम निर्धारित है।
