एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर और एक्टिविस्ट साहिल ने दावा किया है कि शनिवार रात मुंबई में करीब 12 लोगों ने उन पर हमला किया। उन्होंने कहा कि अगर वे मौके से भागते नहीं तो उन्हें मार दिया जाता। साहिल ने इस हमले का आरोप धारावी के रहने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों पर लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा कि हमलावर इस्लाम पर उनके विचारों से नाराज थे। साहिल ने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अब वे नहीं रुकेंगे और इस्लाम की हकीकत लोगों को बताएंगे। फिलहाल मुंबई पुलिस ने उनके वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
साहिल ने वीडियो में दावा किया कि वे नए दोस्तों के साथ मुंबई के वाशी इलाके में गए थे, जहां धारावी के कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि पहले वे धारावी में रहते थे। अपने चेहरे पर लगा खून और हाथ की चोट दिखाते हुए साहिल ने कहा कि हमलावर उन्हें मारना चाहते थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुंबई और भारत में एक्स-मुस्लिम सुरक्षित नहीं हैं।
साहिल ने गाजियाबाद के एक्स-मुस्लिम सलीम वास्तिक पर हुए हमले का भी जिक्र किया और कहा कि हमलावरों के खिलाफ वैसी ही कार्रवाई होनी चाहिए, जैसी सलीम पर हमला करने वालों के खिलाफ हुई थी। बता दें कि फरवरी में दो लोगों ने गाजियाबाद स्थित सलीम वास्तिक के ऑफिस में घुसकर उन पर चाकू से हमला किया था, जिसमें उनकी गर्दन और पेट पर कई वार किए गए थे। मामले में आरोपी जीशान की 1 मार्च को पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी, जबकि एक लाख रुपये का इनामी गुलफाम 3 मार्च को हुई मुठभेड़ में मारा गया था।
साहिल पिछले करीब छह साल से एक्स-मुस्लिम एक्टिविस्ट के तौर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय थे। अक्टूबर 2025 में उन्होंने एक्टिविज्म छोड़ने और इस्लाम में लौटने की बात कही थी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया था कि यह फैसला किसी आध्यात्मिक बदलाव के कारण नहीं लिया है और वे इस्लाम का बचाव भी नहीं करेंगे। उन्होंने अपनी मां की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए उन्हें धारावी कब्रिस्तान में दफनाने की बात भी कही थी।
