नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को नई दिल्ली के दौरे पर आ सकते हैं। पीएम बनने के बाद यह उनकी पहली आधिकारिक भारत यात्रा होगी। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि यह यात्रा दो या तीन दिनों की हो सकती है, हालांकि आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार है।

दौरे के दौरान रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे के विकास, सहयोग, व्यापार और पर्यटन सहित कई मुद्दों पर बातचीत हो सकती है। नेपाल के विदेश मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से एएनआई ने बताया कि सीमा पर बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग पर भी चर्चा की संभावना है, जिसमें इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट और पेट्रोलियम पाइपलाइनें शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, नेपाल बुनियादी ढांचे के विकास के लिए और अगस्त में भोटेकोशी बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलों के पुनर्निर्माण के लिए भारत से अनुदान सहायता और रियायती ऋण की मांग कर सकता है। चर्चा में पर्यटन को बढ़ावा देने, कृषि विकास और सीमा सुरक्षा जैसे मुद्दे भी शामिल हो सकते हैं।

यात्रा के दौरान जनकपुरधाम को अयोध्या से जोड़ने वाली साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन संभव है। यह ट्रेन लगभग 600 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके अलावा नेपाल पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को पूरी तरह चालू करने के लिए भारत के रास्ते अतिरिक्त हवाई मार्गों की मांग कर सकता है। बताया जा रहा है कि पीएम शाह के साथ कम से कम चार मंत्री आ सकते हैं, जिनमें विदेश मामले, वित्त, बुनियादी ढांचा, पर्यटन और नागरिक उड्डयन तथा ऊर्जा और जल संसाधन विभागों के मंत्री शामिल हो सकते हैं। साथ में व्यापारियों और उद्योगपतियों का एक छोटा प्रतिनिधिमंडल भी आ सकता है, जो भारतीय समकक्षों के साथ व्यापार और निवेश के अवसरों पर बातचीत करेगा।