अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित नाकाम साजिश से जुड़े मामले में शुक्रवार (20 नवंबर) को अहम सुनवाई होनी है। इसमें आरोपी भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता की सजा पर अमेरिकी अदालत में कार्यवाही होगी। खबरों के मुताबिक, पन्नू भी इस दौरान अदालत में व्यक्तिगत रूप से मौजूद रह सकता है। ऐसा हुआ तो 2023 की कथित साजिश के बाद दोनों पहली बार आमने-सामने होंगे।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सरकारी वकीलों ने अदालत से पन्नू को पीड़ित गवाह के तौर पर अपना पक्ष रखने के लिए 20 मिनट का समय देने का अनुरोध किया है। वहीं, गुप्ता के वकील का कहना है कि कानून के तहत आरोपी को भी सजा की कार्यवाही के दौरान मौखिक रूप से अपनी बात रखने का अधिकार है। ऐसे में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की ओर से मौखिक दलीलें पेश किए जाने की संभावना है।

अमेरिकी वकीलों ने गुप्ता के लिए 24 साल की जेल की सजा मांगी है, जबकि उनके न्यूयॉर्क स्थित वकील ने कम से कम सजा देने की अपील की है। बचाव पक्ष ने 12 साल की सजा का अनुरोध करते हुए अमेरिकी जिला न्यायाधीश विक्टर मारेरो के सामने गुप्ता की ओर से पश्चाताप पत्र भी पेश किया है। गुप्ता ने अपने बयान में साजिश में शामिल होने पर गहरा अफसोस जताया है और कहा है कि उन्होंने अकेले काम किया था। गुप्ता पर 2023 में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की साजिश रचने के आरोप हैं। उन पर हत्या के लिए सुपारी देने, सुपारी देने की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचने के आरोप तय किए गए हैं। गुप्ता ने शुरू में खुद को निर्दोष बताया था, लेकिन इस साल फरवरी में उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

गुप्ता को एक साल पहले चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था और जून 2024 में उन्हें अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया। तब से वह ब्रुकलिन में हिरासत में हैं। उनकी वकील इसाबेल ए कर्शनर ने बताया कि कानून के तहत आरोपी और पीड़ित, दोनों को सजा की कार्यवाही में अदालत के सामने अपनी बात रखने का अधिकार है। इस आपराधिक मामले के अलावा पन्नू ने अमेरिका में एक अलग दीवानी मुकदमा भी दायर किया है, जिसमें भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल को पक्षकार बनाया गया है। पन्नू ने आरोप लगाया है कि उन्हें मारने की साजिश रची गई थी। इस मामले में अमेरिकी संघीय अदालत ने समन और संबंधित न्यायिक दस्तावेज भारत की अदालतों के माध्यम से पहुंचाने का निर्देश दिया है। 13 नवंबर को जारी आदेश के मुताबिक, न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले की अमेरिकी जिला अदालत ने अजित डोभाल के लिए समन पटियाला हाउस जिला अदालत और सामंत गोयल के लिए द्वारका तथा तीस हजारी अदालतों के माध्यम से भेजने का निर्देश दिया। हालांकि, गुप्ता के वकील ने स्पष्ट किया है कि पन्नू की ओर से दायर दीवानी मुकदमे का गुप्ता के आपराधिक मामले में सजा की सुनवाई से कोई संबंध नहीं है और दोनों मामले अलग-अलग हैं।

भारत सरकार पहले भी पन्नू के खिलाफ किसी साजिश में शामिल होने के आरोपों से इनकार करती रही है। सरकार का कहना है कि उसकी नीति ऐसे किसी भी काम में शामिल होने की नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को अमेरिका में दायर मुकदमे को निराधार बताते हुए खारिज किया था और कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों को स्वीकार नहीं करता। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि भारत में न्यायिक दस्तावेजों की तामील का अनुरोध केवल भारत के निर्धारित केंद्रीय प्राधिकरण यानी कानून एवं न्याय मंत्रालय के माध्यम से ही किया जा सकता है।