शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने ताजमहल और निजामुद्दीन दरगाह देखने की इच्छा जताई थी, लेकिन सरकार ने उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मलिक ने ताजमहल समेत कई जगहों पर जाने की योजना बनाई थी, पर सरकार ने साफ कर दिया कि वे केवल एससीओ से जुड़े कार्यक्रम वाली जगहों पर ही जा सकते हैं।
मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित एससीओ सभ्यता संवाद फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। विदेश कार्यालय के एक बयान के अनुसार, उन्हें भारत के संस्कृति और पर्यटन मंत्री ने आमंत्रित किया है। बयान में कहा गया है कि डॉ. मलिक सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व पर पाकिस्तान का पक्ष रखेंगे।
यह किसी पाकिस्तानी मंत्री की तीन साल में पहली भारत यात्रा है। इससे पहले तीन साल पूर्व बिलावल भुट्टो ने एससीओ बैठक में हिस्सा लिया था। सूत्रों के अनुसार, मलिक पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल अप्रैल में पहलगाम हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि रद्द कर दी थी। मलिक ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और जून में एक कार्यक्रम में कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को छुएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे।
