पानीपत के जलालपुर प्रथम गांव में एक सिगरेट फैक्ट्री पर दिल्ली से आई सीजीएसटी और डीजीजीआई की टीम ने करीब 21 घंटे तक जांच की। दिल्ली से पहुंचे 10 से अधिक अधिकारियों की टीम ने बुधवार सुबह पांच बजे फैक्ट्री में कार्रवाई शुरू की, जो रात करीब दो बजे तक चली। इस दौरान अधिकारियों ने चार मशीनों और फैक्ट्री के कुछ कमरों को सील कर दिया तथा सिगरेट कारोबार से जुड़े जरूरी दस्तावेज अपने साथ ले गए।
जांच के दौरान टीम ने फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की खरीद, कच्चे माल की उपलब्धता और सिगरेट उत्पादन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की। अधिकारियों ने तैयार माल की बिक्री और आपूर्ति का ब्योरा भी जुटाया और उत्पादन तथा बिक्री के आंकड़ों का जीएसटी रिकॉर्ड से मिलान किया।
जांच का एक प्रमुख पहलू यह भी रहा कि फैक्ट्री में तैयार सिगरेट किन स्थानों पर भेजी जाती थी और कारोबारियों के माध्यम से बाजार तक कैसे पहुंचती थी। इसके लिए अधिकारियों ने दस्तावेजों से यह जानकारी जुटाई कि माल किन कारोबारियों और वितरकों को भेजा जाता था, साथ ही आपूर्ति वाले क्षेत्रों और खरीद-बिक्री के लेनदेन का ब्योरा भी देखा गया।
टीम ने फैक्ट्री के अलग-अलग हिस्सों में जाकर उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और माल के भंडारण वाले स्थानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई को लेकर आसपास के क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चाएं बनी रहीं। संबंधित अधिकारियों ने कहा कि जांच चल रही है और अभी इस बारे में कोई पक्ष नहीं रखा जाएगा।
