मुंबई रेलवे विकास निगम (MRVC) के अनुसार, पनवेल और कर्जत के बीच बन रहे 29.6 किलोमीटर लंबे नए रेल कॉरिडोर पर 15 दिसंबर 2026 से ओवरहेड वायर (OHE) में बिजली सप्लाई शुरू करने की तैयारी है। बिजली सप्लाई शुरू होने के बाद इस रूट पर आगे की जांच और ट्रेन ट्रायल का रास्ता साफ होगा। हालांकि, यात्रियों के लिए लोकल सेवा शुरू करने से पहले जरूरी सुरक्षा जांच और रेलवे की मंजूरी लेनी होगी।

इस कॉरिडोर के शुरू होने से पनवेल और कर्जत के बीच सीधी उपनगरीय रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। फिलहाल इस मार्ग के यात्रियों को लंबा सफर करना पड़ता है। नए मार्ग से यात्रियों को वैकल्पिक रेल रास्ता मिलेगा और कल्याण रेल मार्ग पर भीड़ तथा दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।

करीब 2,782 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट में पनवेल, चिखले, मोहोपे, चौक और कर्जत सहित कुल पांच स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर पर तीन सुरंगें बनाई गई हैं, जिनमें वावरले गांव के पास बनी 2.6 किलोमीटर लंबी सुरंग सबसे खास है। इसके अलावा रूट पर रेलवे फ्लाईओवर तथा बड़े और छोटे पुल भी बनाए गए हैं।

MRVC की ओर से 15 दिसंबर से या उसके बाद नए रूट के अप और डाउन ट्रैक के साथ रेलवे साइडिंग और अन्य संबंधित ट्रैक पर भी बिजली सप्लाई शुरू की जाएगी। इसके बाद रेलवे अधिकारी बिजली व्यवस्था, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच करेंगे, फिर ट्रेन चलाकर ट्रायल किया जाएगा। सुरक्षा से जुड़ी सभी जांच और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही इस रूट पर यात्री लोकल सेवा शुरू हो सकेगी। रेलवे ने ओवरहेड वायर में बिजली सप्लाई शुरू होने के बाद ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों और वहां काम करने वाले कर्मचारियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। रेलवे ने बिजली के तारों और अन्य उपकरणों से दूर रहने तथा इन तारों को हमेशा चालू मानकर चलने की हिदायत दी है।