पेरू के मध्य हिस्से में शुक्रवार को 6.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इसके तेज झटके राजधानी लीमा तक महसूस किए गए, जिसके बाद घबराए लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज ने भूकंप की तीव्रता 6.8 दर्ज की है।

पेरू के भूभौतिकीय संस्थान के अनुसार, भूकंप का केंद्र एंडीज क्षेत्र के जूनिन में जमीन से 129 किलोमीटर की गहराई पर था। झटकों के बाद राजधानी लीमा में अफरा-तफरी मच गई। टेलीविजन फुटेज में देखा गया कि झटकों के बाद सांसद संसद भवन से बाहर निकलते नजर आए।

राहत की बात यह है कि अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने भूकंप के बाद किसी भी तरह की सुनामी की चेतावनी या खतरे से इनकार किया है। फिलहाल भूकंप से हुए नुकसान के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।