मनीला: दक्षिण चीन सागर पर चीन के साथ तनाव के बीच फिलीपींस अपनी रक्षा क्षमता बढ़ाने के लिए भारत से और हथियार खरीदने पर विचार कर रहा है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक फिलीपींस भारत से आकाश एयर डिफेंस सिस्टम की पांच से ज्यादा रेजिमेंट खरीदने पर विचार कर रहा है। इसके अलावा उसकी नजर पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर पर भी है। हालांकि इन खरीदों पर फिलीपींस की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है। फिलीपींस पहले भी भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीद चुका है।
आकाश एक मध्यम दूरी का सतह से हवा में मार करने वाला एयर डिफेंस सिस्टम है, जो लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों, ड्रोन और क्रूज मिसाइलों को मार गिराने में सक्षम बताया जाता है। पिनाका भारत का स्वदेशी मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर है, जो 44 सेकेंड में 12 रॉकेट दाग सकता है। इसकी रेंज 38 से 40 किमी है, जबकि इसके एक्सटेंडेड वर्जन की रेंज 75 से 90 किमी बताई जाती है।
रिपोर्ट के अनुसार फिलीपींस आने वाले दिनों में भारत से ब्रह्मोस मिसाइल की अतिरिक्त स्क्वाड्रन खरीदने की तैयारी में है और इसको लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत अडवांस स्टेज में है। फिलीपींस के डिफेंस सेक्रेटरी गिल्बर्टो टेओडोरो ने इसकी पुष्टि की है। फिलीपींस ने ब्रह्मोस के एक्सटेंडेड रेंज वर्जन की मांग भी की है, जो पुरानी मिसाइल की तुलना में 800 से 900 किमी की रेंज तक हमला करने में सक्षम बताया जाता है।
विशेषज्ञों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि फिलीपींस की चीन से कोई जमीनी सीमा नहीं है, इसलिए पिनाका एमबीआरएल संभवतः चीनी जहाजों पर हमले के लिए खरीदा जा रहा है। यह बड़े इलाके में फैले दुश्मन के युद्धपोतों पर हमला करने में सक्षम है और ब्रह्मोस के मुकाबले काफी सस्ता भी है।
