प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ संबंधों को नई रफ्तार और मजबूती दी है। पीएम मोदी ने भारत और आसियान के बीच सहयोग को क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए जरूरी बताया।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों का सहयोग अब साझा संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे आधुनिक क्षेत्रों तक पहुंच गया है। पीएम मोदी के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में दोनों पक्षों के संबंधों में काफी विस्तार हुआ है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने 2014 से अब तक लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से ज्यादा पहल की हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां दी गई हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन भी दोनों पक्षों की नजदीकी को दिखाता है।