अहमदाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की तारीफ की है। गुजरात बीजेपी की ओर से दिवाली के बाद नए साल के उपलक्ष्य में आयोजित स्नेहमिलन कार्यक्रम को पीएम मोदी ने वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल के कामों की सराहना की।
पीएम मोदी ने कहा कि राज्यपाल जिस तरह से कार्यक्रमों की योजना बनाते हैं, उससे उन्हें आनंद होता है। वह गांवों में जाते हैं और उन्होंने गुजरात के दलितों का दिल जीत लिया है। पीएम मोदी ने कहा कि आचार्य देवव्रत ने सहज तरीके से दलितों को अपना बना लिया है, इसी कारण उन्हें लोक भवन अपना घर लगता है।
पीएम मोदी ने कहा कि राज्यपाल की अगुवाई में प्राकृतिक खेती का काम भी अच्छे तरीके से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्राकृतिक खेती और गुजरात की धरती मां की रक्षा को बड़ा काम बताया। पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात ने पानी बचाने की दिशा में भी काम किया है। उन्होंने कहा कि अभी लोगों को समझ नहीं आएगा कि क्या चल रहा है, लेकिन ये सभी उपलब्धियां गुजरात के अगले 100 साल का भविष्य तय करेंगी।
गौरतलब है कि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत लोक भवन में लोगों से मिलते हैं और गांवों का दौरा करते हैं। वह प्राकृतिक खेती और स्वच्छता के मोर्चे पर कई साल से काम कर रहे हैं। हरियाणा से आने वाले आचार्य देवव्रत पहले हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे हैं। दिवाली के बाद पीएम मोदी जब गुजरात दौरे पर आए थे, तो वह लोक भवन में ही रुके थे।
