प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि नक्सली हिंसा का सबसे ज्यादा नुकसान जनजातीय समाज को हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया। पीएम ने कहा कि 2014 में देश के करीब 125 जिले माओवादी और नक्सली हिंसा से प्रभावित थे, जहां हर साल हजारों लोगों और आदिवासियों की जान जाती थी। उन्होंने कहा कि नक्सली गरीब परिवारों के बच्चों और बेटियों को उठा ले जाते थे। पीएम ने कहा कि नक्सलवाद-माओवाद को खत्म किया गया है, जिससे आदिवासी महिलाओं और परिवारों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
पीएम मोदी रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समुदाय के लोगों से बातचीत की और 3 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनमें 19 जनजातीय विद्यालय भी शामिल हैं। उन्होंने मिजोरम में ट्राइबल फ्रीडम फाइटर म्यूजियम का भी उद्घाटन किया। पीएम ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 30 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछड़े और आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट रखा है और मुद्रा योजना से बिना गारंटी के कर्ज देकर रोजगार के अवसर बढ़ाए गए हैं।
इस अवसर पर पीएम मोदी, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दिल्ली में बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में आदिवासी कलाकारों ने डांस की प्रस्तुति दी और पीएम ने कलाकारों के साथ खरताल भी बजाई। सरकार ने 2021 में बिरसा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐलान किया था। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साल भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर देशभर में दो लाख से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें करोड़ों लोग शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और उनका 'उलगुलान' आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा है।
पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले लोग वहां जाने से डरते थे, लेकिन कुछ दिन पहले उन्होंने सुरक्षा बलों के साथ इसी इलाके में दीपावली मनाई। उन्होंने कहा कि आज देश का नेतृत्व आदिवासी समाज की एक बेटी के हाथ में है। गढ़चिरौली में हो रहे आयोजन का जिक्र करते हुए पीएम ने राघव जी भागरे और भागोजी नाइक जैसे वीरों को नमन किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि इस बार गढ़चिरौली को कार्यक्रम की मेजबानी का मौका मिला है और आदिवासी समुदाय का गौरवशाली इतिहास रहा है, लेकिन उन्हें इतिहास में उचित पहचान नहीं मिली।
