रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की प्राचीन सभ्यता और भाषाई विविधता की तारीफ की है। रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता जितनी पुरानी है, उतनी ही दिलचस्प भी है और उसके बारे में जितना जानने का मौका मिलता है, उतनी ही रुचि बढ़ती जाती है।

पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हाल ही में हुई बातचीत का जिक्र करते हुए बताया कि भारत की भाषाई विविधता जानकर वह हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पीएम मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग देश की मुख्य भाषा बोलते हैं। मोदी ने उन्हें बताया कि करीब 60 करोड़ लोग यह भाषा बोलते हैं, जबकि देश की कुल आबादी लगभग 1.5 अरब है। पुतिन के मुताबिक, यानी करीब एक-तिहाई आबादी ही मुख्य भाषा का इस्तेमाल करती है, जबकि बाकी लोग अपनी-अपनी भाषाएं बोलते हैं। उन्होंने इसे अपने लिए बेहद हैरान करने वाला बताया और भारतीय सभ्यता को ऐसी व्यवस्था कहा जहां इतनी भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के बावजूद देश एकजुट है।

यह पहला मौका नहीं है जब पुतिन ने भारत की विविधता की तारीफ की है। पिछले महीने वाल्दाई डिस्कशन क्लब में भी उन्होंने भारत को अलग-अलग संस्कृतियों, परंपराओं और भाषाओं के साथ रहने का बेहतरीन उदाहरण बताया था। उनके मुताबिक, भारतीय संस्कृति में कुछ खास है जो सिखाता है कि अलग-अलग पहचान के बावजूद एकता कायम रखी जा सकती है, और दूसरे देशों को भी भारत के अनुभव से सीखना चाहिए।

बता दें कि भारत और रूस के संबंध दशकों पुराने और भरोसेमंद माने जाते हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, अंतरिक्ष और परमाणु तकनीक जैसे क्षेत्रों में मजबूत सहयोग है। रूस भारत के सबसे बड़े रक्षा उपकरण आपूर्तिकर्ताओं में शामिल रहा है और दोनों देश ब्रह्मोस मिसाइल तथा एस-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली में भी सहयोग करते हैं। भारत रूस से कच्चे तेल का आयात भी करता है और दोनों देशों के बीच वार्षिक शिखर सम्मेलन की परंपरा भी है।