अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के पाकिस्तान और भारत को लेकर दिए गए बयान पर सियासी हंगामा मच गया है। बीजेपी ने उन पर निशाना साधते हुए उन्हें पाकिस्तान का फैन बॉय बताया है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को पाकिस्तान से इतना प्रेम है कि वह विदेशी धरती पर देश की छवि धूमिल करते हैं और उन्हें देशहित की कोई परवाह नहीं है।
राहुल गांधी ने ईरान युद्ध को लेकर कहा कि एक तरफ पाकिस्तान आगे आकर ईरान और अमेरिका से बात कर रहा था, जबकि भारत उस चर्चा में कहीं नहीं था। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत साइड प्लेयर बनकर रह गया है और भारत को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों की चर्चाओं में आगे रहना चाहिए।
शुक्रवार सुबह राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच चर्चा के दौरान की बताई गई। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री इस टेबल पर कभी नहीं बैठ पाएंगे।
बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान को आदर्श के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश कर रहे हैं और चाहते हैं कि पाकिस्तान को देखकर भारत अपनी विदेश नीति बनाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भूल जाते हैं कि रूस और यूक्रेन दोनों भारत से शांति समझौता करवाने की दरखास्त करते हैं और ईरान भारत के लिए होर्मुज से प्रतिबंध हटा लेता है। वहीं बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा कि राहुल गांधी का बयान क्षमा करने योग्य नहीं है और वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर केवल भारत की छवि खराब करने जाते हैं।
