केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को हैदराबाद में हुए भारत समिट के एक वीडियो पर तंज कसा है। इस कार्यक्रम में इटली के नेता और यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने कांग्रेस का ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारा लगाया था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राहुल गांधी तालियां बजाते नजर आ रहे हैं। रिजिजू ने बिना नाम लिए सवाल किया कि जब कोई विदेशी भारत का अपमान करता है, तो कौन हंसता है। फिलिबेक ने अपने भाषण में राहुल गांधी की तारीफ की और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के खिलाफ उनके अभियान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राहुल ने ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के अधिकार की रक्षा की है।
भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ऐसे लोगों को अपने मंच पर जगह क्यों दे रही है, जिनके तार जॉर्ज सोरोस समर्थित ‘ओपन सोसायटी’ नेटवर्क और एमनेस्टी इंटरनेशनल से जुड़े हैं। उन्होंने इक्वाडोर के पूर्व मंत्री गुइलेर्मो लांग और एमनेस्टी के पूर्व महासचिव सलिल शेट्टी जैसे विवादित नामों का जिक्र किया, जिन पर कश्मीर और भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ बयान देने के आरोप हैं। भाजपा नेता सीआर केसवन ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि कार्यक्रम में शामिल कुछ विदेशी प्रतिनिधियों की विश्वसनीयता संदिग्ध है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश के आंतरिक राजनीतिक मुद्दे उठाकर भारत का अपमान किया। उन्होंने मतदाता सूची से 14 करोड़ वोट हटाए जाने संबंधी राहुल के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि मृत व्यक्तियों, दोहरे मतदाताओं और स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके लोगों के नाम हटाना जरूरी है।
हैदराबाद के नोवोटेल होटल में हुए इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भी भाषण दिया। उन्होंने कहा कि 2014 में एक बिल्कुल नया चुनाव देखा गया, जैसा पहले कभी नहीं देखा था। राजनीतिक व्यवस्था में भारी मात्रा में पैसा झोंका गया और चुनावी व्यवस्था, जिसमें अक्सर कड़े मुकाबले और गठबंधन देखने को मिलते थे, अचानक पूरी तरह बदल गई। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदमे में था। राहुल ने कहा कि वे केवल वर्तमान से नहीं, बल्कि वर्तमान, भूतकाल और भविष्य के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका इतिहास महात्मा गांधी से शुरू होता है और उनके दो हथियार सत्य और अहिंसा हैं।
