रेलवे बोर्ड ने 12वीं पास युवाओं को सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) बनने का अवसर देने के लिए टेक्निकल एंट्री स्कीम (टीईएस) शुरू की है। योजना के तहत चयनित युवाओं को गति शक्ति विश्वविद्यालय में चार साल का विशेष इंजीनियरिंग कोर्स कराया जाएगा और फीस तथा हॉस्टल का पूरा खर्च रेलवे उठाएगा। रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना यूके तिवारी ने शुक्रवार को दक्षिण पूर्व रेलवे समेत सभी 17 जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
यह योजना सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के लिए लागू होगी। हर साल एसएसई की कुल रिक्तियों के पांच प्रतिशत या विश्वविद्यालय की क्षमता के अनुसार सीटें भरी जाएंगी। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की आयु एक जुलाई को 17 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए और 12वीं में भौतिकी, रसायन विज्ञान तथा गणित विषयों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। चयन जेईई मेन रैंक के आधार पर होगा।
शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को 100 प्रश्नों की कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) देनी होगी। दो घंटे की परीक्षा में जनरल एप्टीट्यूड के 60 और विज्ञान एवं गणित के 40 प्रश्न होंगे, जबकि तीन गलत उत्तर पर एक अंक कटेगा। सीईटी मेरिट के आधार पर गति शक्ति विश्वविद्यालय में दाखिला मिलेगा। कोर्स पूरा करने के बाद 12 महीने की रेलवे ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसके दौरान स्टाइपेंड मिलेगा। नियुक्ति से पहले ए-3 मेडिकल जांच और बॉन्ड की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
पढ़ाई और 12 महीने का अनिवार्य प्रशिक्षण पूरा करने पर पे लेवल-7 में एसएसई के पद पर नियुक्ति मिलेगी। सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति के बाद दो साल प्रोबेशन पर रखा जाएगा। रेलवे बोर्ड का उद्देश्य इस योजना से कम उम्र में ही तकनीकी रूप से दक्ष इंजीनियर तैयार करना है।
