श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट राम मंदिर के स्वर्ण शिखर पर ध्वजारोहण की पहली वर्षगांठ 14 दिसंबर को मनाएगा। ट्रस्ट के एक सदस्य के अनुसार, इस आयोजन की विस्तृत रूपरेखा 2 दिसंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में तय की जाएगी।

तारीख के अनुसार ध्वजारोहण को 25 नवंबर को एक वर्ष पूरा हो जाएगा, लेकिन ट्रस्ट वर्षगांठ 14 दिसंबर को मनाएगा। दरअसल, पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया था, तो उस दिन विवाह पंचमी (मार्गशीष शुक्ल पंचमी) तिथि थी। इस वर्ष यह तिथि 14 दिसंबर को पड़ रही है। ट्रस्ट की ओर से सभी आयोजन तिथि के अनुसार ही किए जाते हैं।

राम मंदिर सहित रामजन्मभूमि परिसर के सभी मंदिरों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ट्रस्ट ने ध्वजारोहण शुरू कराया था। सनातन धर्म में किसी मंदिर पर पताका फहराने के बाद ही उसे परिपूर्ण माना जाता है। ट्रस्ट ने इसकी शुरुआत राम मंदिर से की थी और ध्वजारोहण के लिए विवाह पंचमी की तिथि चुनी थी। इस दिन प्रधानमंत्री ने अभिजित मुहूर्त में धर्म ध्वजा का आरोहण किया था। इसके बाद पिछले वर्ष 31 दिसंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया था, फिर अलग-अलग तारीखों पर ट्रस्ट ने सभी पूरक मंदिरों पर ध्वजारोहण कराया।

ट्रस्ट ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पिछले वर्ष 11 जनवरी को मनाई थी, जब पौष शुक्ल द्वादशी तिथि थी। इसी तिथि पर 22 जनवरी 2024 को प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। ट्रस्ट के सदस्य के अनुसार, प्राण प्रतिष्ठा की तीसरी वर्षगांठ तिथि के अनुसार अगले साल 19 जनवरी को मनाई जाएगी। अधिकमास के कारण वर्ष 2026 में पौष शुक्ल द्वादशी तिथि नहीं पड़ रही है, इसलिए इसे अगले वर्ष ही मनाया जाएगा। इसी कारण ट्रस्ट ने प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ 2025 में 31 दिसंबर को मनाई है।