केरल के सबरीमाला में भगवान अयप्पा मंदिर के कपाट मंगलवार को खुल गए हैं। कपाट खुलने के साथ ही वार्षिक मंडल मकरविलक्कु तीर्थयात्रा शुरू हो गई है। मलयालम कैलेंडर के पहले महीने वृश्चिकम के पहले दिन मुख्य पुजारी मंदिर के द्वार खोलते हैं, जिसके बाद तीर्थयात्रा आरंभ होती है। मंदिर खुलते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है।
पूजा की तैयारियों के लिए पुजारियों ने सोमवार शाम को मंदिर में प्रवेश किया था। इस बार नए पुजारी व्यवस्था देख रहे हैं, जिन्हें पूर्व पुजारियों ने उत्तराधिकार सौंपा। पूरे विधि-विधान के साथ अभिषेक अनुष्ठान कराया गया। जानकारी के मुताबिक पहले ही दिन लगभग 66 हजार श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन कतार के लिए टिकट ली है, जबकि 14 हजार से ज्यादा लोगों ने खिड़की से बुकिंग कराई है।
जानकारी के अनुसार एक दिन में 80 हजार लोग दर्शन कर सकेंगे। मंदिर की 18 पवित्र सीढ़ियों पर अकसर भीड़ हो जाती है, इसलिए पुलिस के सामने भीड़ नियंत्रित करने की चुनौती रहती है। इस बार हर मिनट में करीब 75 श्रद्धालु इन सीढ़ियों पर चढ़ेंगे। इस बार पंबा में बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है; यह स्थान नदी के किनारे है और यहां भीड़ बढ़ने का जोखिम बना रहता है।
केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने मंगलवार को मंडला तीर्थयात्रा सीजन के शुभारंभ पर अयप्पा भक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पवित्र मंडला सीजन की शुरुआत के साथ घरों और तीर्थयात्रा के रास्तों पर 'स्वामी शरणम अयप्पा' गूंजता है, जो लाखों भक्तों की गहरी आस्था और भक्ति को दिखाता है।
तीर्थयात्रियों की मदद के लिए एर्नाकुलम, चेंगन्नूर, तिरुवल्ला, कोट्टायम और कायमकुलम रेलवे स्टेशनों पर सहायता केंद्र बनाए गए हैं, जो 24 घंटे काम करेंगे। ये केंद्र तिरुवनंतपुरम में रेलवे पुलिस कमांडेंट कंट्रोल सेंटर की देखरेख और समन्वय में काम करेंगे। तीर्थयात्री मदद के लिए 9846200100 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं, आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 डायल कर सकते हैं और रेलवे से जुड़ी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सकते हैं। केरल पुलिस के आधिकारिक पोल-ऐप के जरिए भी कई पुलिस सेवाएं ली जा सकती हैं।
