केरल का स्वास्थ्य विभाग सबरीमाला यात्रा पर जाने वाले अयप्पा भक्तों के लिए सुरक्षा दिशानिर्देश जारी किए हैं। विभाग ने यह निर्देश खासतौर पर दिल की बीमारियों से जुड़े जोखिम को ध्यान में रखते हुए जारी किए हैं, क्योंकि पंपा से सबरीमाला तक का रास्ता खड़ी चढ़ाई वाला है और हर साल लाखों भक्त यहां पहुंचते हैं। ऐसे में दिल की बीमारी, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या अन्य लाइफस्टाइल बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

विभाग के अनुसार, दिल से जुड़ी किसी भी बीमारी वाले भक्तों को यात्रा शुरू करने से पहले मेडिकल चेकअप करवाना चाहिए और डॉक्टर से फिटनेस क्लियरेंस लेना चाहिए। हाल ही में दिल का दौरा पड़ने वाले, बाईपास सर्जरी या एंजियोप्लास्टी करवा चुके लोगों और हार्ट फेलियर के मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह के बिना ट्रेक पर नहीं जाना चाहिए। भक्तों को अपनी बीमारियों को नियंत्रण में रखना चाहिए, नियमित दवाएं लेनी चाहिए और दवाइयों के साथ उनका प्रिस्क्रिप्शन भी साथ रखना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर मेडिकल स्टाफ को सही जानकारी मिल सके।

चढ़ाई के दौरान भक्तों को अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार ही चलना चाहिए। जल्दबाजी, तेज चलने या जरूरत से ज्यादा मेहनत करने से बचें और रास्ते में बार-बार रुककर आराम करें। पर्याप्त पानी पिएं, लेकिन जिन लोगों को डॉक्टर ने पानी कम पीने की सलाह दी है, वे डॉक्टर की सलाह का ही पालन करें। खाली पेट पहाड़ी पर चढ़ना खतरनाक हो सकता है, इसलिए हल्का खाना खाकर ही आगे बढ़ें। भीड़ में धक्का-मुक्की या दौड़ने से बचें, क्योंकि इससे अचानक तनाव बढ़ सकता है और दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।

विभाग ने कार्डियक इमरजेंसी के लक्षण भी बताए हैं, जिनमें सीने में दर्द, भारीपन या जकड़न, बेचैनी या घबराहट, सांस लेने में तकलीफ, बहुत ज्यादा पसीना आना, चक्कर आना या बेहोशी आना, दिल की धड़कन का असामान्य होना, अचानक बहुत ज्यादा थकान महसूस होना और दर्द का बाजुओं, जबड़े या पीठ तक फैलना शामिल है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चलना बंद करें, किसी सुरक्षित जगह पर बैठकर आराम करें और नजदीकी इमरजेंसी मेडिकल सेंटर से मदद लें। जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस सेवा का इस्तेमाल करें और इमरजेंसी मदद के लिए 04735 203232 नंबर पर कॉल कर सकते हैं। मंडला तीर्थयात्रा सीजन 17 नवंबर को शुरू हो चुका है और मंडला पूजा 27 दिसंबर तक चलेगी। इसके बाद मंदिर कुछ दिनों के लिए बंद रहेगा और 30 दिसंबर को मकरविलक्कू तीर्थयात्रा सीजन के लिए फिर से खुलेगा। मकर संक्रांति का मुख्य त्योहार 14 जनवरी को मनाया जाएगा और भक्त 19 जनवरी तक दर्शन कर सकते हैं, जिसके बाद 20 जनवरी को मंदिर बंद हो जाएगा।