सोनीपत में दहेज में ब्रेजा कार की मांग पूरी न होने पर दिल्ली पुलिस में तैनात एक युवक के बरात लौटा ले जाने का मामला सामने आया है। दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया है कि शादी से एक दिन पहले तक ब्रेजा कार की तत्काल बुकिंग संभव नहीं हो पाई थी, जिसके बाद दूल्हे ने शादी किए बिना ही बरात वापस ले जाने का फैसला किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए तलब किया है, हालांकि अभी कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।

गोहाना के गांधी नगर निवासी एक युवक की शादी करीब छह महीने पहले सोनीपत के राम नगर की एमए और जेबीटी पास युवती से तय हुई थी। युवक 12वीं पास है और दिल्ली पुलिस में तैनात है। 19 नवंबर को गांधी नगर में दोनों की सगाई की रस्म हुई थी। दुल्हन के पिता ने दहेज में देने के लिए करीब नौ लाख रुपये की आरा कार बुक करवाई थी।

आरोप है कि सगाई के दौरान दूल्हे ने आरा कार लेने से यह कहकर इनकार कर दिया कि यह गाड़ी टैक्सी में चलती है और उसे दहेज में ब्रेजा कार ही चाहिए। दूल्हे की जिद के आगे दुल्हन के पिता ने आरा कार की बुकिंग रद करा दी, लेकिन शादी में महज एक दिन बचा होने के कारण ब्रेजा कार की तत्काल बुकिंग संभव नहीं हो पाई। दुल्हन पक्ष का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर इंतजाम किए थे और गाड़ी के अलावा दूल्हे, उसकी मां और भाई-भाभी को जेवर भी देने थे।

मुरथल रोड स्थित एक वाटिका में 20 नवंबर को शादी का आयोजन रखा गया था, जहां 1200 मेहमानों के लिए भोजन तैयार था। दुल्हन के पिता का आरोप है कि शादी वाले दिन दूल्हा अपनी मां के साथ सादे कपड़ों में वाटिका पहुंचा और ब्रेजा कार न मिलने पर भड़ककर बिना शादी किए ही बरात वापस गोहाना ले गया। दुल्हन पक्ष ने शादी की तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे। पीड़ित पिता ने पुलिस को शिकायत देकर दूल्हे और उसके स्वजन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए तलब किया है और मामले की जांच कर रही है।