नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को एक असामान्य स्थिति पैदा हो गई, जब एक वकील ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह इस पद पर बैठने के योग्य नहीं हैं। लाइवलॉ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वकील ने सीजेआई की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने एक "अर्जेंट मामला" मेंशन करने की कोशिश की और अपने केस को अदालत में रखने के तरीके पर खेद भी जताया।
रिपोर्ट के अनुसार, वकील ने कहा कि यह मामला 2 नवंबर को जस्टिस सूर्यकांत के ऑफिस में दिया गया था और 15 दिनों तक जवाब नहीं मिलने के कारण वह अदालत आने को मजबूर हुए। जस्टिस वी मोहना ने वकील को टोकते हुए कहा कि वह किसी चीज को इस तरह से मेंशन नहीं कर सकते, लेकिन वकील ने इसे इमरजेंसी बताते हुए अपनी बात रखनी जारी रखी।
इसके बाद वकील ने सीजेआई सूर्यकांत की ईमानदारी पर भी सवाल उठाया और कहा कि वह इस कुर्सी पर बैठने लायक नहीं हैं। अदालत में मौजूद वकीलों के मुताबिक, उस वकील को कोर्ट से बाहर ले जाया गया। उसने कथित रूप से कहा कि वह जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना का सम्मान करता है। अन्य वकीलों ने कथित रूप से उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया है। स्थिति को अप्रिय होते देख अदालत की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो म्यूट कर दिया गया।
बता दें कि इसी साल जुलाई में भी सीजेआई सूर्यकांत की बेंच में इसी तरह की घटना हुई थी, जब प्रबल प्रताप नाम का एक शख्स खुद याचिकाकर्ता बनकर पेश हुआ और सीजेआई के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। बेंच ने उसे मानसिक रूप से परेशान मानते हुए अवमानना की कार्यवाही शुरू करने से मना कर दिया था। इसके बाद से सुप्रीम कोर्ट में यह व्यवस्था लागू है कि जब कोई याचिकाकर्ता खुद अपने मामले की पैरवी करने पहुंचता है तो कार्यवाही का प्रसारण बंद कर दिया जाता है।