सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत से कहा है कि माफी दिल से मांगी जानी चाहिए, दिमाग से नहीं। यह टिप्पणी कोर्ट ने अवमानना मामले में सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की याचिका पर सुनवाई के दौरान की। SCBA ने पत्रकार निखिल वागले और शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत के खिलाफ याचिका दायर की थी। पत्रकार निखिल वागले के वकील ने उनके बिना शर्त माफी मांगने और पोस्ट हटा देने का हवाला देते हुए कार्यवाही बंद करने की मांग की। अदालत ने संजय राउत से कहा कि एक अनुभवी राजनेता के तौर पर उन्हें ज्यादा जिम्मेदारी से काम करना चाहिए।

यह विवाद 11 अक्टूबर को तब शुरू हुआ था, जब CJI सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात का अनुरोध ठुकरा दिया था। CJI ने कहा था कि मामला याचिका के जरिए अदालत में उठाया जा सकता है। संजय राउत और निखिल वागले ने CJI के इस फैसले की आलोचना की थी। 12 अक्टूबर को राहुल गांधी समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया और SIR के विरोध में 13 याचिकाएं दाखिल की थीं।

15 अक्टूबर को SCBA ने अवमानना याचिका दायर कर आरोप लगाया कि वागले ने अपने X अकाउंट पर CJI के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। बाद में उन्होंने टिप्पणी वापस ले ली थी। SCBA के मुताबिक, बैडमिंटन कार्यक्रम के नाम पर दिखाई गई तस्वीरें लंदन की नहीं, बल्कि नवंबर 2025 में दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में हुए कार्यक्रम की थीं।

सुनवाई के दौरान CJI ने कहा कि अदालतों ने हमेशा व्यक्तिगत स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों की रक्षा की है, ऐसे में न्यायपालिका पर हमले दुर्भाग्यपूर्ण हैं। SCBA अध्यक्ष और वरिष्ठ वकील प्रदीप राय ने भी कहा था कि ऐसी टिप्पणियों से सुप्रीम कोर्ट में लोगों का भरोसा कमजोर हो सकता है।