तमिल गीत 'वरुवाय' को 69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में 'बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस' श्रेणी में नॉमिनेशन मिला है। 16 नवंबर को घोषित नॉमिनेशन में यह भारत की ओर से एकमात्र एंट्री है। यह ग्रैमी में नॉमिनेट होने वाला पहला तमिल गाना बन गया है। संगीतकार-गायक देवन एकांबरम और गायिका सुभिक्षा रंगराजन (सुशा) को यह अपना पहला नॉमिनेशन है।

भारतीय-अमेरिकी संगीतकार देवन एकांबरम द्वारा रचित इस गाने को नियो-जैज और कर्नाटक शास्त्रीय गायिका सुशा ने अपनी आवाज दी है। 'वरुवाय' तमिल कवि और स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यम भारतीयार की एक भक्ति कविता की संगीतमय प्रस्तुति है। भगवान कृष्ण को समर्पित यह कविता ईश्वर से मानव चेतना में उतरने और बुराई का विनाश करने का आह्वान करती है।

इसके विपरीत फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के लिए शाश्वत सचदेव द्वारा तैयार किए गए संगीत को कोई नॉमिनेशन नहीं मिल सका। फिल्म से 'आरी आरी' समेत 8 एंट्रीज भेजी गई थीं, लेकिन किसी को भी नॉमिनेशन नहीं मिला।

नॉमिनेशन की घोषणा के बाद देवन ने सोशल मीडिया पर उत्साह और आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि यह उनके और सुशा के लिए बहुत खास पल है, क्योंकि यह ग्रैमी में नॉमिनेट होने वाला पहला तमिल गाना है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि यह भारतीयार का गीत है, और इस सम्मान के लिए रिकॉर्डिंग अकादमी के सभी सदस्यों का धन्यवाद दिया। देवन 1999 से साउथ इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े हैं और उन्होंने ए.आर. रहमान की फिल्म 'काधलर धिनम' के गीत 'ओ मारिया' से प्लेबैक सिंगर के रूप में करियर शुरू किया था। वहीं सुशा कर्नाटक शास्त्रीय संगीत, जैज और समकालीन संगीत शैलियों में काम करती हैं।