उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में शाम छह बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य युद्ध और आपातकालीन हवाई हमलों से निपटने की तैयारियों को परखना है। अभ्यास के दौरान जगह-जगह लगे सायरन बजते ही कई इलाकों की बिजली कुछ समय के लिए बंद की जाएगी।
वाराणसी में मुख्य अभ्यास बाबतपुर स्थित इंडियन ऑयल के बॉटलिंग प्लांट में होगा, जहां पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचकर इसमें शामिल हो रहे हैं। इस आयोजन में पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य और आपदा राहत टीमें हिस्सा ले रही हैं। लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में भी एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की जानी है। प्रदेश भर में करीब एक लाख सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की तैयारियों का भी परीक्षण किया जाएगा।
उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा जितेंद्र सिंह ने बताया कि दुश्मनों की ओर से कभी भी हवाई हमला होता है तो उसका मकसद सबसे पहले उद्योगों को निशाना बनाना होता है। एक मॉक ड्रिल के माध्यम से ब्लैकआउट कर उद्योगों को बचाने के लिए यह प्रैक्टिस शाम छह बजे होनी है। वाराणसी में इसके लिए इंडियन ऑयल बॉटलिंग प्लांट बाबतपुर का चयन किया गया है।
उन्होंने बताया कि एक हॉट लाइन के माध्यम से सबसे पहले हवाई हमले की सूचना प्राप्त होगी और अलर्ट करने के साथ ही लोगों को सायरन के माध्यम से बताया जाएगा कि अब वे अपने घरों की बिजली भी बंद कर लें। आम जनता को भी इससे सूचना मिलेगी। वाराणसी में अलग-अलग जगहों पर लगभग दस सायरन लगाए गए हैं, जिनकी आवाज करीब एक किलोमीटर के दायरे में सुनाई देगी।
