संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 का रोल नंबर वाइज इंटरव्यू शेड्यूल जारी कर दिया है। यूपीएससी इंटरव्यू 7 दिसंबर 2026 से शुरू होकर 12 फरवरी 2027 तक चलेंगे। IAS, IPS, IFS जैसी सेवाओं के लिए सरकारी नौकरी का सपना देख रहे कुल 2526 उम्मीदवारों के लिए यह आखिरी इम्तिहान है। ऐसे में फेमस टीचर विकास दिव्यकीर्ति सर के छोटे-छोटे टिप्स एस्पिरेंट्स के बड़े काम आ सकते हैं।
विकास दिव्यकीर्ति सर की कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की जाती हैं। उन्हीं में से एक वीडियो में उन्होंने कहा था कि 275 नंबर के इंटरव्यू में 70% नंबर उम्मीदवारों के हाथों में होते हैं। उन्होंने इसे दो भागों में बांटकर समझाया है। सर का कहना है कि यूपीएससी इंटरव्यू में 70% सवाल कहां से आते हैं, यह उम्मीदवारों पर निर्भर करता है। यहां उनका इशारा डिटेल्ड एप्लीकेशन फॉर्म (UPSC DAF) की तरफ है, जो इंटरव्यू से ठीक पहले अपडेट भी कराया जाता है।
सर का कहना है कि इंटरव्यू के 70% प्रश्न आपके DAF से ही निकलते हैं। उन्होंने इसे दो कैटेगरी में बांटा है- 'मोस्ट एक्सपेक्टेड' (जिन पर प्रश्न आना निश्चित है) और 'लीस्ट एक्सपेक्टेड' (जिन सवालों के पूछे जाने की ज्यादा संभावना है)। उन्होंने कहा कि आपको अपनी पसंद, ऑप्शनल सब्जेक्ट और बैकग्राउंड के आधार पर इन संभावित प्रश्नों की एक लिस्ट बनानी चाहिए।
दिव्यकीर्ति सर एक वीडियो में बताते हैं कि इंटरव्यू सिर्फ नॉलेज टेस्ट नहीं, बल्कि यह आपकी पर्सनैलिटी का भी टेस्ट होता है। DAF आपकी पर्सनैलिटी का दर्पण होता है। पैनल के पास जो भी जानकारी होती है, वह आपके द्वारा भरे गए इसी फॉर्म से आती है, इसलिए इसे बहुत सावधानी और गंभीरता से भरना चाहिए। DAF में नाम, पता, ईमेल, जन्मतिथि और वैवाहिक स्थिति जैसी बेसिक डिटेल्स के गहरे अर्थ और निहितार्थ हो सकते हैं। सर ने साफ किया है कि हर एक शब्द पर प्रश्न पूछे जा सकते हैं, इसलिए अपने बारे में दी गई हर छोटी जानकारी के पीछे के अर्थ को समझें।
एस्पिरेंट्स को सुझाव देते हुए विकास सर कहते हैं कि गृह जिले, गांव या शहर के बारे में गहरी जानकारी होना जरूरी है। इसमें वहां का इतिहास, समाज, भूगोल, जनसांख्यिकी और वहां की विशिष्ट परंपराएं, नृत्य या लोककलाएं शामिल हैं। इंटरव्यू में इन क्षेत्रों से संबंधित प्रश्न पूछे जाने की बहुत ज्यादा संभावना होती है। आयोग द्वारा जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन के अनुसार, यूपीएससी इंटरव्यू संघ लोक सेवा आयोग के ऑफिस, धौलपुर हाउस, शाहजहां रोड, नई दिल्ली-110069 में आयोजित किए जाएंगे। इसमें रोजाना दो सेशन होते हैं- पहला सेशन सुबह 9:00 बजे और दूसरा सेशन दोपहर 1:00 बजे से होता है। इंटरव्यू की तारीख और समय की डिटेल्स जल्द ई-समन लेटर पर चेक कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अधिक जानकारी के लिए वे वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
